Sunday, October 9, 2011

ग़ज़ल- कई-कई रूप अब बदल के आती है.....

ग़ज़ल


रचना - डॉ.बृजेश सिंह
गायक - कृष्‍ण कुमार साहू
तबला वादक  - कन्‍हैया श्रीवास
गि‍टार - रवि‍ गुप्‍ता



कई-कई रूप अब बदल के आती है गजल,
आज सतरंगी साँचे में ढल के आती है गजल।

ए कभी जफर का हमसफर बनती ‘बृजेश’
लबों पे दर्द भरे गाने बन जाती है गजल।

खुसरो, दाग, दुष्यंत के लबों पे सजती सँवरती,
आज हिन्दुस्तानी ढाँचे में ढलती है गजल।

अब गजल महज इश्क के दीवानों की सदाएँ नहीं,
आजादी के दीवानों की भी ताने सुनाती है गजल।

हुस्न की मलिका की लटों में उलझ जाती कभी,
कभी सूफियों के मस्त कलामों को महकाती है गजल।

महलों के ख्वाबों में अलसाई सी रहती कभी,
तो कभी गरीब मजलूमों के दर्द बताती है गजल।

ए जहालत पे जम के फटकार लगाती कभी,
कभी इश्क की दिवानी बन इठलाती है गजल।

बिस्मिल, अशफाक रोशन की ताकत बनती कभी,
मस्ती के वतनपरस्ती के तराने सुनाती है गजल।

तासीर इसकी पाक गंगा जमुना सी लगती
जिस धरती से गुजरती रच बस जाती है गजल।

ए गजल तेरे कई रूप देखे है वक्त ने ‘बृजेश’,
वक्त पे जंगे आजादी के तराने कहती है गजल।

Saturday, October 8, 2011

ग़ज़ल - न जरूरी ये हरदम कि कर भला....

ग़ज़ल


रचना - डॉ.बृजेश सिंह
गायक - कृष्‍ण कुमार साहू
तबला वादक  - कन्‍हैया श्रीवास
गि‍टार - रवि‍ गुप्‍ता



न जरूरी ये हरदम कि कर भला तो भला होता है,
कभी होम करते भी किसी का हाथ जला होता है।

इन्सान की जिन्दगी भी क्या अजब शै होती,
सुकून की मस्ती तो कभी दर्द का जलजला होता है।

कई रिश्तों की अगन में झुलस जाता आदमी,
फूँककर भी छांछ पीता जो दूध का जला होता है।

मेहनत ही कामयाबी का सूत्र होता नहीं हर बार,
कर्म और भाग्य में अक्सर मुकाबला होता है।

‘बृजेश’ साथ देकर भी अपनों से चोट खाते कभी,
कौन जाने कब क्या किसी के दिल में पला होता है।


Friday, September 30, 2011

ग़ज़ल- बैठे हैं बेबस अपने ही हाथों

ग़ज़ल


रचना - डॉ.बृजेश सिंह
गायक - कृष्‍ण कुमार साहू
तबला वादक  - कन्‍हैया श्रीवास
गि‍टार - रवि‍ गुप्‍ता





बैठे हैं बेबस अपने ही हाथों अपना चमन उजार के।
जी सकते थे बेहतर मगर जिए जैसे-तैसे दिन गुजार के।

‘बृजेश’ दुनिया को सीख देने की फितरत रही हमारी,
मगर बैठे अपने ही मसलों में हम हिम्मत हार के।

न वे समझ सके हमको, न हम उनको समझा सके,
हालात से मजबूर वो भी, बैठे हम भी बैठे थक हार के।

है साथ रहने की जरूरत दोनों को बराबर, मगर
अफसोस साथ निभाया जबरिया मन मार के।

रो धो के शिकवा गिला में दिन रात बस कटते गये,
‘बृजेश’ आया बुलावा चल दिए उपर यूँ हाथ पसार के।

Wednesday, September 28, 2011

ग़ज़ल- मेरी चाहतों को मेरी मजबूरियाँ......

ग़ज़ल


रचना - डॉ.बृजेश सिंह
गायक - कृष्‍ण कुमार साहू
तबला वादक  - कन्‍हैया श्रीवास
गि‍टार - रवि‍ गुप्‍ता




मेरी चाहतों को मेरी मजबूरियाँ समझ बैठे हैं वो,
किसी के शराफत को कमजोरियाँ समझ बैठे हैं वो।

गलबहियाँ औरों से और अपनों से कटते रहे,
अपनी कमियों को अपनी मजबूतियाँ समझ बैठे हैं वो।

कौन अपना कौन पराया समझ आई न अब तक
अपनी नासमझी को अपनी होशियारियाँ समझ बैठे हैं वो।

उनकी सलामती के खातिर दुनिया से लड़ते रहा हरदम
मेरे इस संघर्ष को मेरी दुश्वारियाँ समझ बैठे हैं वो।

न रही एहसान जताने की फितरत हमारी ‘बृजेश’
मेरी इस आदत को दिल की दूरियाँ समझ बैठे हैं वो।

Monday, September 19, 2011

ग़ज़ल - सर का ताज बनाये बैठे बेदिली की बानगी को....

ग़ज़ल


रचना - डॉ.बृजेश सिंह
गायक - कृष्‍ण कुमार साहू
तबला वादक  - कन्‍हैया श्रीवास
गि‍टार - रवि‍ गुप्‍ता



सर का ताज बनाये बैठे बेदिली की बानगी को।
हमने सर माथे रखा नायाब अपनी पसंदगी को।


पाक मुहब्बत को अपने सजदा किया था हमने,
मगर शर्मिन्दगी समझ बैठे वो मेरी बन्दगी को।

खेल के सामान से अलहदा न समझे मेरे दिल को,
फकत अदना खिलौना ही समझे मेरी जिन्दगी को।

कैसे बेबस लाचार हम, न कर सके इजहार हम,
अपनी पसंदगी को, अपनी नापसंदगी को।

जुल्मो सितम उनका मगर खुद को दोषी बताते रहे,
हैं खुद हैरान हम देख अपनी इस दीवानगी को।

अपनी बेगुनाही पे तरस खाई न हमने ‘बृजेश’
खुद ही थे मुंसिफ और सजा सुना दी खुदी को।

Friday, September 16, 2011

ग़ज़ल- व्‍यक्‍ति‍ के व्‍यक्‍ि‍तत्‍व का.....

ग़ज़ल


रचना - डॉ.बृजेश सिंह
गायक - कृष्‍ण कुमार साहू
तबला वादक  - कन्‍हैया श्रीवास
गि‍टार - रवि‍ गुप्‍ता




व्यक्ति के व्यक्तित्व का अंदाजा होता उसकी तहजीब से,
जीवन की फसल उपजती है संकल्पों के बीज से।

जो जैसा सोचता वैसा ही वो बन जाता अक्सर,
शुभ या अशुभ कर्म निकलते हैं विचारों के दहलीज से।

किसी समय का कर्म भाग्य में तबदील होता सब जानते,
नाहक गिला शिकवा होता आदमी को अपने नसीब से।

आदमी नजरअंदाज भले कर देता इसे अक्सर मगर,
जमीर सवाल करता है हरदम अमीर से गरीब से।

दुनिया को सुधारने की कवायद में लगा रहता ‘बृजेश’
न देखना चाहता है आदमी खुद को करीब से।

Monday, August 22, 2011

अन्‍ना हजारे और लोकपाल वि‍धेयक

ग़ज़ल संग्रह 'समाधान' से 

देशभक्ति उमड़ रही मुग़ालते में न आना है।
ज़रूरी साथ चलने वालों को जँचवाना है।।
अन्ना सतर्क रहना कारवां के संग कई ऐसे।
जिनका मकसद जैसे भी मतलब सधाना है।।
कुछ दूर हवा के संग चलेंगे, फिर मुड़ लेंगे।
वे जायेंगे वहीं जहाँ पे उनको जाना है।।
उनको अच्छी तरह मालूम है कि किस तरह।
बिगड़ा माहौल अपने अनुकूल बनाना है।।
जयप्रकाश के संग चले थे, तंत्र को बदलने।
पर याद हमें स्वार्थियों का वो टकराना है।।

लोकपाल विधेयक छै दशक से लटकाना है।
मगर दावा कि जड़ से भ्रष्टाचार मिटाना है।।
सियासतदारों का ये खेल अनोखा, ख़ुद को।
जाँच के दायरे में लाने से कतराना है।
व्यक्तिगत लाभ हेतु तत्काल प्रस्ताव पारित।
निज सुविधाओं हेतु ना तनिक देर लगाना है।
विदेशी बैंकों में जमा अक़ूत काले धन की।
वापसी हेतु सियासत को साँप सूंघ जाना है।
साँच को आँच नहीं पर क्योंकर इनका।
जाँच के नाम पसीना छूटता, थरथराना है।।

लोकपाल विधेयक का मकसद नकेल कसाना है।
सियासत नौकरशाह बेलगाम, अंकुश लगाना है।।
वर्तमान प्रणाली में छोटी मछलियाँ ही फँसतीं।
बड़े मगरमच्छों का बाल बाँका न हो पाना है।।
लोकपाल विधेयक दायरे में सत्ता विपक्ष सभी।
नाहक इसे सत्ता पक्ष का शिकस्त बताना है।।
सत्ता में मौका मिला पर विपक्ष को भी न सूझा।
स्विस बैंक जमा काला धन वापस लौटाना है।।
बृजेश विपक्ष ही क्या दूध का धुला हुआ जो।
लोकपाल विधेयक पर उसका जश्न मनाना है।।

दोषियों का सामाजिक बहिष्कार कराना है।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध ज़रूरी माहौल बनाना है।।
महज कानून बनाकर ही कुछ हो नहीं सकता।
ज़रूरी सतत जनजागरण अभियान चलाना है।।
अन्ना की सफलता पे कई जले भुने बैठे।
देखते ही बनता अधीरों का तिलमिलाना है।।
अब भी गाँधी प्रासंगिक हिन्द में, हजारे के।
पीछे हजारों लाखों, करोड़ों का आना है।।
इक्कीसवीं सदी के गाँधी को देश का सलाम।
सत्याग्रह शक्ति का फिर से मर्म समझाना है।।